नवागत एसपी यांगचेन डोलकर भुटिया ने कोतवाली, देहात, फिजिकल एवं महिला थाने का किया औचक निरीक्षण, फरियादियों से सीधे पूछा हाल

MP DARPAN
0

शिवपुरी। नवागत पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने पदभार ग्रहण करते ही पुलिसिंग को लेकर अपने सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को उन्होंने जिला मुख्यालय के थाना कोतवाली, थाना देहात, थाना फिजीकल एवं महिला थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया।

एसपी ने थानों में पहुंचकर सबसे पहले लंबित प्रकरणों, अपराध नियंत्रण और रोजमर्रा की पुलिस कार्यवाहियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, हवालात, रिकॉर्ड रूम और आर्म्स रूम का बारीकी से जायजा लिया। रिकॉर्ड संधारण और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सबसे खास बात यह रही कि एसपी भुटिया ने थानों में मौजूद फरियादियों और आवेदकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि थानों में आने वाले हर व्यक्ति के साथ संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए और शिकायतों का समय पर निराकरण प्राथमिकता रहे। नवागत एसपी ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय बदमाशों और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अचानक हुए निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई। माना जा रहा है कि नई एसपी जिले में सख्त, जवाबदेह और जनता केंद्रित पुलिसिंग का मॉडल लागू करने के मूड में हैं। उनके पहले ही दौरे ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अब थानों में लापरवाही और अपराधियों के प्रति नरमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top