कोलारस में चला प्रशासन का बुलडोजर: 2 करोड़ की सरकारी जमीन अतिक्रमणमुक्त, चबूतरा भी हटाया

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कोलारस में प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया। कलेक्टर अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद तहसील और एसडीएम कार्यालय के समीप स्थित जनपद की भूमि पर चला बुलडोजर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।

जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 26/1 की बेशकीमती सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी। इतना ही नहीं, कब्जे को स्थायी रूप देने के लिए वहां निर्माण कार्य भी कर लिया गया था। तहसीलदार न्यायालय द्वारा धारा 248 के तहत प्रकरण दर्ज कर अतिक्रमण हटाने के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके थे, लेकिन कब्जाधारियों ने आदेशों को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने पुलिस और राजस्व अमले के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कब्जे के उद्देश्य से बनाया गया चबूतरा भी हटाया गया। प्रशासन के मुताबिक वहां शंकरजी की पिंडी जैसी आकृति रखी गई थी, जिसे सम्मानपूर्वक हटाकर सुरक्षित रख लिया गया। प्रशासन ने जिन लोगों को अतिक्रमणकारी बताया है उनमें मांगीलाल शाक्य, गजनलाल, राकेश, मलूका और उनके परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top