शिवपुरी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मां-बेटी के कथित अपहरण के सनसनीखेज वीडियो ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया। वीडियो में कुछ युवक एक महिला और उसकी तीन माह की मासूम बच्ची को घर से जबरन घसीटते हुए ले जाते दिखाई दे रहे थे। मामला सामने आते ही नवागत पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली टीआई रोहित दुबे को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि महिला और उसकी तीन माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र स्थित शिवपुरी पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली 22 वर्षीय महक गुहारिया पिछले तीन वर्षों से करैरा निवासी पुष्पेंद्र चौहान के साथ इंदौर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की तीन माह की बेटी आरोही भी है। परिजनों के मुताबिक, विवादों के चलते महक कुछ समय पहले बच्ची के साथ अपने मायके शिवपुरी आ गई थी। बताया गया है कि 8 मई की रात करीब 8:35 बजे पुष्पेंद्र अपने 8 से 10 साथियों के साथ सफेद वैगनआर कार में सवार होकर महक के घर पहुंचा। आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था और उनके हाथों में हॉकी, डंडे व अन्य हथियार थे। घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और परिवार के साथ मारपीट करते हुए महक व उसकी मासूम बच्ची को जबरन कार में डालकर ले गए। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित की। कोतवाली थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर लिया तथा महिला और उसकी बच्ची को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। इधर मामले में नया मोड़ तब आया जब महक का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह अपनी मर्जी से जाने की बात कहती दिखाई दी। हालांकि पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


