नवागत पुलिस अधीक्षक यांगचेन ढोलकर भूटिया ने ग्रहण किया पदभार
शिवपुरी। शिवपुरी जिले की नवागत पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करते ही साफ संकेत दे दिए कि जिले में कानून व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। चार्ज संभालने के बाद उन्होंने कहा कि आम जनता और पुलिस के बीच भरोसे का मजबूत रिश्ता कायम करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
नई एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे जनता से बेहतर संवाद स्थापित करें तथा हर शिकायत को संवेदनशीलता और गंभीरता से लें। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे आम व्यक्ति बिना भय के अपनी समस्या पुलिस तक पहुंचा सके। उन्होंने पुलिस टीम को प्रोफेशनल, जवाबदेह और जनहित केंद्रित कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया। नई एसपी के पदभार ग्रहण करते ही पुलिस महकमे में नई ऊर्जा दिखाई दी। जिलेवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और पुलिसिंग व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


