शिवपुरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के लिए यह बजट ऐतिहासिक साबित हुआ है। कैलाश कुशवाह के निरंतर प्रयासों, पत्राचार और धरना-आंदोलनों के परिणामस्वरूप मध्यप्रदेश विधानसभा बजट में पोहरी क्षेत्र को 157.28 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात मिली है। इस उपलब्धि से पूरे विधानसभा क्षेत्र में खुशी की लहर है और स्थानीय नागरिकों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है। विधायक कुशवाह ने लंबे समय से क्षेत्र की जर्जर सड़कों और पुलों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। छर्च रोड सहित कई मार्गों को लेकर उन्होंने न सिर्फ सरकार को पत्र लिखे, बल्कि हाईवे पर धरना प्रदर्शन कर मुद्दे को प्रदेश स्तर तक पहुँचाया। उसी संघर्ष का परिणाम है कि आज पोहरी विधानसभा में सड़क और पुल निर्माण के 6 बड़े कार्यों को बजट में मंजूरी मिली है। इन स्वीकृतियों से न केवल ग्रामीण और शहरी संपर्क मार्ग मजबूत होंगे, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपात सेवाओं को भी सीधा लाभ मिलेगा। विधायक कैलाश कुशवाह ने कहा कि एक वर्ष पूर्व छर्च रोड को लेकर मैंने हाईवे पर धरना दिया था। क्षेत्र के विकास के लिए लगातार पत्राचार करता रहा। आगे भी पोहरी विधानसभा और शिवपुरी जिले की आवाज सदन से सड़क तक उठाता रहूंगा।
157.28 करोड़ की लागत से होंगे ये प्रमुख कार्य
-पिपरसमा से बिलौआ मार्ग छर्च होते हुए 63 किमी, लागत 63 करोड़ रूपए
-मगरौनी-नरवर मार्ग पर सिंध नदी पर जलमग्नीय पुल, लागत 35.91 करोड़ रूपए
-मगरौनी तिराहा से अस्पताल होते हुए बस स्टैंड तक सीसी रोड 0.8 किमी, लागत 1 करोड़ रूपए
-गोवरा से गोंदरी मार्ग 2 किमी, 1.77 करोड़ रूपए
-झिरी बस स्टैंड से मुस्लिम बाजार होते हुए नगर रोड तक 2 किमी, 2.01 करोड़ रूपए
-सतनवाड़ा-नरवर मार्ग पर सिंध नदी किमी 14/4 पर उच्च स्तरीय पुल, 54.38 करोड़ रूपए


