सायबर सेल की बड़ी कामयाबी, 2.80 लाख की ठगी राशि पीडि़त के खाते में लौटाई

MP DARPAN
0

शिवपुरी। एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में शिवपुरी साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाई है। साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खातों से उड़ाई गई 2 लाख 80 हजार रुपये की पूरी राशि वापस कराकर पुलिस ने अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है।

जानकारी के अनुसार इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी 49 वर्षीय बहिद खान ने 9 जनवरी 2026 को भारत सरकार के एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उनके केनरा बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र खातों से 2.80 लाख रुपये पार कर दिए हैं। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह जाट और उनकी टीम ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी पड़ताल में पता चला कि ठगी की रकम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खातों में ट्रांसफर की गई थी। साइबर सेल ने बिना समय गंवाए संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क कर रकम को तत्काल होल्ड कराया। इसके बाद बैंकिंग समन्वय और विधिक प्रक्रिया पूरी कर पूरी 2.80 लाख रुपये की राशि फरियादी के खाते में वापस करा दी गई। राशि वापस मिलने पर फरियादी बहिद खान स्वयं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिवपुरी पुलिस व साइबर टीम का आभार जताया। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय रहते शिकायत करने पर साइबर फ्रॉड की रकम वापस मिल सकती है। उक्त कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उनि. धर्मेन्द्र सिंह जाट, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक जलज रावत, दामोदर परिहार, आलोक व्यास एवं भूपेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साइबर सेल की जनता से अपील पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक, फर्जी लोन ऐप, एपीके फाइल और संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल और निजी जानकारी किसी से साझा न करें। साथ ही एईपीएस फ्रॉड से बचने के लिए माय आधार एप के जरिए बायोमेट्रिक लॉक अवश्य करें। साइबर अपराध होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या शिवपुरी साइबर हेल्पलाइन 7049123706 एवं 7049123288 पर सूचना दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top