अवैध खनन पर खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 12 चक्का हाइवा, ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1500 घन मीटर रेत जब्त

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जिले में अवैध खनिज परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने रविवार 15 फरवरी 2026 को बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में सख्त कदम उठाए। मुखबिर की सटीक सूचना पर सक्रिय हुए खनिज दल ने क्षमता से अधिक एम-सैण्ड परिवहन कर रहे 12 चक्का हाइवा को पकड़कर जब्त कर लिया।

खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास के नेतृत्व में सिपाही रवि नाथ, शिशुपाल सिंह वैस एवं वाहन चालक अरविन्द जाटव की टीम ने निवाड़ी से एम-सैण्ड भरकर आ रहे हाइवा की जांच की। जांच में प्रपत्र में अंकित मात्रा से अधिक खनिज पाए जाने पर वाहन को तत्काल जब्त कर थाना अमोला की सुरक्षा में खड़ा कराया गया। इसी क्रम में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पकड़ा गया, जिसे थनरा चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। ग्राम केरूआ में नरवर-भितरवार मार्ग पर शासकीय भूमि पर लगभग 1500 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पाए जाने की सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी रेत जब्त कर ली। भंडारकर्ता के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। अज्ञात के विरुद्ध अवैध भंडारण का प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड अधिरोपित किए जाने हेतु प्रकरण कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top