शिवपुरी। गोपालपुर थाना पुलिस ने हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार आरोपी को महज चार दिन में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को भागने की फिराक में पाडरखेड़ा रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विनोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
गोपालपुर थाना प्रभारी विनोद यादव के अनुसार, 23 मार्च को ग्राम पटेवरी में आलू की बोरी को लेकर हुए विवाद में आरोपी रमेश आदिवासी ने माधो आदिवासी पर चाकू से हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी जंगलों में छिपकर लगातार ठिकाना बदल रहा था। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 14/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश में टीम गठित की। लगातार दबिश के बीच 27 मार्च को मुखबिर सूचना मिली कि आरोपी पाडरखेड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से फरार होने की तैयारी में है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे स्टेशन के प्रतीक्षालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 28 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद यादव, सउनि श्यामलाल खरगे, प्रआर. दिलीप ओझा, आरक्षक तरूण मांढरे, राहुल जाट, देवहंस गुर्जर, दधिराम गुर्जर, दिग्विजय सिंह एवं विमल बोहरे की सराहनीय भूमिका रही।


