शिवपुरी। रोटरी क्लब इंटरनेशनल एवं श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में सीएम राइज स्कूल मेडिकल कॉलेज के पीछे में आयोजित जिला स्तरीय वृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर ने पहले ही दिन ऐतिहासिक सफलता दर्ज की। शिविर के उद्घाटन दिवस पर कुल 8648 मरीजों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से उपचार प्राप्त किया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संस्थाएं एवं जनप्रतिनिधि सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के अनुसार 17 से 24 मार्च तक चलने वाले इस 8 दिवसीय रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन शिविर में देशभर के ख्यातिनाम डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पहले दिन जनरल ओपीडी 2486, मेडिसिन 1438, ऑर्थो 1387, ईएनटी 678, नेत्र रोग के 636 सहित विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार किया गया। शिविर की खास बात यह रही कि केवल जांच ही नहीं, बल्कि जटिल ऑपरेशन भी मौके पर ही किए जा रहे हैं। दिल्ली के विशेषज्ञ डॉ. अनूप राज चौपड़ा द्वारा गले का सफल ऑपरेशन किया गया, जिससे शिविर की गुणवत्ता और भरोसा दोनों मजबूत हुए हैं। मरीजों को यूएसजी, एक्स-रे, पैथोलॉजी, एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में हृदय, न्यूरो, कैंसर, किडनी, स्त्री रोग, शिशु रोग, दंत, चर्म, सांस एवं मानसिक रोगों सहित लगभग सभी प्रमुख बीमारियों का उपचार किया जा रहा है। आयोजकों भूपेंद्र जैन और प्रदीप पाराशर ने बताया कि शिविर में मरीजों को जांच के बाद दवाएं भी पूरी तरह नि:शुल्क दी जा रही हैं।



