दंगल और धार्मिक आयोजनों से गूंजेगा मेला
शिवपुरी। पोहरी विधानसभा के ग्राम खटका में माँ ज्वालादेवी के पावन अवसर पर आयोजित भव्य मेले का शुभारंभ पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्रहलाद भारती ने फीता काटकर किया। यह ऐतिहासिक मेला 28 मार्च से 31 मार्च 2026 तक श्रद्धा, संस्कृति और परंपरा के संगम के रूप में आयोजित होगा।
मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की भरमार रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए भजन-कीर्तन, लीलागोठ कन्हैया एवं देवी जागरण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। वहीं खेल प्रेमियों के लिए मेले का मुख्य आकर्षण दो दिवसीय विराट दंगल प्रतियोगिता रहेगी। इस दंगल में विजेता पहलवान को 31,000 रुपए का आकर्षक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब सहित विभिन्न राज्यों के नामी पहलवानों को आमंत्रित किया गया है, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। इसके अलावा मेले में 127 किलो वजनी नाल उठाने की प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेता को 5,100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इस अनूठी प्रतियोगिता को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रहलाद भारती ने कहा कि ऐसे मेले भारतीय संस्कृति को संजोने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में पुजारी हरिचरण, शिवनारायण, कल्याण सिंह यादव, नक्तूराम पटेल, रामदयाल धाकड़, गजराज सिंह, डॉ. बाईसराम, डॉ. मित्ता, लोकेंद्र धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


