प्रवेश उत्सव पर बच्चों को बांटी गई पुस्तकें व साइकिलें
शिवपुरी। जिले में प्रवेश उत्सव को जमीनी स्तर तक ले जाने की मंशा इस बार साफ नजर आई, जब कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी प्रशासनिक अमले के साथ 80 किलोमीटर दूर आदिवासी बस्ती अहैरा पहुंचे। उनकी यह पहल न सिर्फ प्रतीकात्मक रही, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का मजबूत संदेश भी दे गई। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सांदीपनि विद्यालय शिवपुरी में आयोजित हुआ, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, विधायक देवेंद्र जैन, शिक्षा समिति अध्यक्ष अमित पड़रिया, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भोपाल से प्रसारित राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव का लाइव प्रसारण दिखाया गया। मंच से शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए हर बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की गई। कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी ने स्पष्ट कहा कि प्रवेश उत्सव एक अभियान है, जिसका उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता बताया, वहीं डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने इसे जन-आंदोलन बताते हुए ड्रॉपआउट रोकने पर जोर दिया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकें और साइकिलें वितरित की गईं, जिससे दूर-दराज के बच्चों को स्कूल आने में सुविधा मिले।


