शिवपुरी। मध्यप्रदेश विशेषकर ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास को नई गति मिलने जा रही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सड़क एवं कनेक्टिविटी से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की, जिसमें अनेक लंबित योजनाओं को हरी झंडी मिल गई।
बैठक में ग्वालियर–आगरा एक्सप्रेस-वे (करीब ₹4,822 करोड़) और ग्वालियर वेस्टर्न बायपास (करीब ₹1,347 करोड़) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अप्रैल से कार्य को तेज गति देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ग्वालियर–भिंड–इटावा (NH-719) के 4-लेन निर्माण कार्य को अब एमपीआरडीसी से एनएचएआई को सौंप दिया गया है, जिससे परियोजना में तेजी आने की उम्मीद है। सिंधिया के प्रयासों से अशोकनगर क्षेत्र के बांगला चौराहा–मुंगावली–चंदेरी–पिछोर मार्ग पर चंदेरी बायपास को 4-लेन बनाने और गुना–अशोकनगर–चंदेरी (SH-54) मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने पर भी चर्चा हुई। वहीं गुना-देवास नेशनल हाईवे-46 पर फतेहगढ़ टोल प्लाजा के पास फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव भी सामने आया। शिवपुरी शहर के लिए भी राहत भरी खबर है। शहर में यातायात सुधार के लिए फ्लाईओवर, अंडरपास और एलिवेटेड रोड (वायाडक्ट) निर्माण के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया गया है, जिससे भविष्य में जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी। ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पिछोर क्षेत्र में करीब 45 किमी, मुंगावली क्षेत्र में 47 किमी और चंदेरी में 22.5 किमी सड़कों के निर्माण व उन्नयन के प्रस्ताव रखे गए। साथ ही गुना जिले के बमोरी क्षेत्र में 42 किमी सड़क चौड़ीकरण पर भी चर्चा हुई। इन परियोजनाओं के लागू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा। श्री सिंधिया ने इन जनहितकारी योजनाओं को मंजूरी देने के लिए नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल मध्यप्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा देगी और आमजन को सीधा लाभ पहुंचाएगी।


