शिवपुरी। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग को आगामी वित्त वर्ष की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी योजना में 85 प्रतिशत से कम उपलब्धि स्वीकार नहीं होगी।
कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने जानकारी दी कि बैठक में टीबी, टीकाकरण, कुपोषण, दस्तक अभियान, एचव्हीएनसी सहित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 100 दिवसीय निक्षय अभियान की समीक्षा करते हुए सहरिया बहुल क्षेत्रों में टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने, चेस्ट एक्स-रे कराने और मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही फूड बास्केट वितरण में प्राथमिकता सहरिया वर्ग को देने पर जोर दिया। दस्तक अभियान की समीक्षा में कोलारस 89 प्रतिशत व पिछोर 86 प्रतिशत के प्रदर्शन पर ध्यान देते हुए सुधार की आवश्यकता जताई गई। विटामिन-ए अनुपूरण में करैरा 88.84 प्रतिशत व कोलारस 83.39 प्रतिशत तथा एनीमिया फॉलोअप में शिवपुरी अर्बन 60.23 प्रतिशत के कम कवरेज पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने लक्ष्यानुसार सुधार के निर्देश दिए। एनआरसी में कुपोषित बच्चों की भर्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में धात्री महिलाओं के पंजीयन और पोषण ट्रैकर में बच्चों के आंकड़ों की गहन जांच की गई। बैठक में डॉ. संजय ऋषीश्वर, डीपीओ धीरेन्द्र जादौन, डॉ. अनीता पाल, डॉ. सुनील खंडोलिया, डॉ. प्रदीप शर्मा, डॉ. रोहित भदकारिया, डॉ. शीतल व्यास, अखिलेश शर्मा, डीसीएम श्री पटेल सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।


