पिछोर पुलिस का खुलासा: बहू के मायके जाते ही घर से उड़ाए सोने-चांदी के जेवर

MP DARPAN
0

एक आरोपी व बाल अपचारी पकड़े, करीब 5 लाख रुपए के जेवर बरामद, आरोपी न्यायालय व बाल अपचारी किशोर बोर्ड के समक्ष पेश

शिवपुरी। ग्राम भगवां में घर में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पिछोर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी और एक बाल अपचारी को पकड़ा है। दोनों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय और बाल अपचारी को किशोर बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पिछोर टीआई नीतू सिंह के अनुसार ग्राम भगवां निवासी संजय पुत्र हरभान विश्वकर्मा ने 3 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त को उसकी बहू रुपाली विश्वकर्मा मायके ग्राम बड़ेरा गई थी। उसने अपने सोने-चांदी के जेवर घर में रखे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति जेवर चोरी कर ले गया। फरियादी ने मोनू झा निवासी बड़ेरा, शिवम विश्वकर्मा निवासी बड़ैरा और अभी जाटव निवासी नयानगर नगरा पर संदेह जताया था। पुलिस ने अपराध क्रमांक 455/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में थाना पिछोर पुलिस ने टीम गठित कर संदेहियों से पूछताछ की। पूछताछ में बाल अपचारी और मोनू झा द्वारा चोरी करना स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया। बाल अपचारी के कब्जे से एक चांदी का बिछुआ, दो चांदी की चूडिय़ां और एक जोड़ी पायल बरामद हुई। वहीं मोनू झा के कब्जे से सोने का हार और सोने का मंगलसूत्र बरामद किया गया। बरामद माल की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, सउनि जहान सिंह, प्रधान आरक्षक अशोक कुमार तिवारी, आरक्षक धर्मेन्द्र लोधी, बचान सिंह तोमर और प्रदीप नरवरिया की सराहनीय भूमिका रही। आरोपी मोनू झा को न्यायालय तथा बाल अपचारी को किशोर बोर्ड शिवपुरी के समक्ष पेश किया गया।

धमकन रोड पर जुए के फड़ से 12 जुआरी पकड़े, ताश की गड्डी और 19,070 रुपए नकद बरामद

पिछोर पुलिस ने धमकन रोड पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 12 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 52 पत्तों की ताश की गड्डी और 19,070 रुपए नकद बरामद किए। सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 458/26, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 7 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह ने पुलिस टीम को धमकन रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने नया चौराहा भेजा। यहां पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में मनोज चौबे, रानू प्रजापति, मोनू सेन, लोकेन्द्र लोधी, रामकुमार साहू, संजीव पाठक, नीरज लोधी, नीलेश रजक, अजब सिंह लोधी, अरविंद लोधी, राजू उर्फ शिवप्रताप सिंह यादव और प्रशान्त यादव शामिल हैं। इनमें आरोपी खिरकिट, बामौरकलां, बिजरावन, बादली और मुडिय़ा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top