गोदामों में स्टॉक का खेल पकड़ा, एक गोदाम सील, 1.13 लाख मंडी शुल्क और 30 हजार डायवर्जन शुल्क वसूला

MP DARPAN
0

एसडीएम शर्मा की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप, लाखों की जिंसों में मिला अंतर

शिवपुरी। कृषि उपज मंडी क्षेत्र करैरा में बुधवार को कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशन में मंडी के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी एवं एसडीएम अनुपम शर्मा ने गोदामों का सत्यापन और निरीक्षण किया। सचिन ट्रेडर्स और अभी इंडस्ट्रीज के गोदामों की जांच के दौरान ई-अनुज्ञा पोर्टल के रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक में अंतर सामने आया। कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

अभी ट्रेडर्स/अभी इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर प्रमोद जैन के गोदाम में मूंगफली, मूंगफली दाना, जौ, मसूर और चना सहित करीब 56.30 लाख रुपए की जिंसों में भारी अंतर मिला। 5 गुना मंडी टैक्स, निराश्रित शुल्क और समझौता शुल्क के 4,83,595 रुपए मौके पर जमा नहीं कराने पर गोदाम सील कर दिया गया। वहीं सचिन ट्रेडर्स के प्रोपराइटर सचिन जैन के गोदाम में 215 क्विंटल मूंगफली और 23 क्विंटल मूंगफली दाना, कुल करीब 13.13 लाख रुपए का अंतर मिला। सचिन जैन ने मौके पर 5 गुना मंडी टैक्स 98,475, निराश्रित शुल्क 13,130 और समझौता शुल्क 2,000 रुपए समेत 1,13,605 रुपए जमा किए। कृषि भूमि पर अनधिकृत गोदाम संचालन के मामले में दोनों प्रतिष्ठानों से 30 हजार रुपए डायवर्जन शुल्क भी वसूला गया। कार्रवाई के बाद मंडी क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top