पूर्व सरपंच पर गोलियां चलाने का आरोप
शिवपुरी। मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खडीचरा में सरपंची का दावा ठोक रहे दो यादव परिवारों के बीच आदिवासियों को लुभाने के लिए दी गई पार्टी को लेकर विवाद हो गया और इस विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोलियां चला दी। जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस कायमी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूर्व सरंपच सहित 12 लोगों पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जबकि पूर्व सरपंच की ओर से मृतक पक्ष के सदस्यों पर भी कायमी कराई गई है।
सरपंच चुनाव को लेकर हुए आरक्षण के बाद लोगों ने सरपंची के लिए दावेदारी ठोकना शुरू कर दी है और इसके लिए झगड़े भी शुरू हो गए हैं। ऐसी ही एक घटना ग्राम खड़ीचरा में घटित हुई। जहां चुनाव को लेकर दो परिवारों के सदस्य पूर्व सरपंच नीलम यादव और राजपाल यादव के बीच चल रहा विवाद खूनी होली में तब्दील हो गया और इस विवाद में एक युवक की जान चली गई। बताया जाता है कि ग्राम पंचायत खडीचरा की सीट ओबीसी होने के कारण नीलम यादव और राजपाल यादव ने अपने -अपने लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में हैं और इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी का बीज गिर गया है। बुधवार को नीलम यादव ने ग्राम पंचायत में निवासरत अदिवासी वोटरों को रिझाने के लिए अपने फॉर्म हाऊस पर पार्टी का आयोजन किया। जिसमें बकरे काटे गए और आदिवासी समुदाय के लोगों को इस पार्टी में आमंत्रित किया गया। जिन्हें लाने के लिए नीलम यादव ने ट्रेक्टर और कार आदिवासियों के जहां पहुंचाई और आदिवासी उक्त वाहनों में सवार होकर नीलम के फार्म हाऊस पर आ रहे थे। तभी रास्ते में राजीव यादव और राजपाल यादव मिल गए। जिन्होंने आदिवासियों को रोककर कहा कि वह बकरा भले ही खा लें लेकिन अपना ईमान मत बेचना। इसी बात को लेकर नीलम यादव का राजपाल और राजीव से विवाद हो गया और नीलम सहित उनके समर्थकों ने दोनों पर फायर झौंक दिए। जिसमें राजपाल की गोली लगने से वह मौके पर ही ढेर हो गया। जबकि राजीव के सिर में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब झगड़े की सूचना घायल राजीव के चचेरे भाई हरपाल यादव को लगी तो वह अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। जहां आरोपियों ने उनपर पत्थरों से हमला बोल दिया। जिससे हरपाल और उसके अन्य साथी भी घायल हो गए। वहीं नीलम यादव भी पत्थर लगने से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। वहीं गांव में तनाव का माहौल निर्मित हो गया। पुलिस ने स्थिति को भांपकर वहां पुलिस बल तैनात कर दिया। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस कायमी कर ली।