कटाक्ष करते हुए अपने को और भूरिया को जिम्मेदारी के अयोग्य बताया
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अनुज और वर्तमान में विधायक लक्ष्मण सिंह का एक बार फिर जबलपुर में दिल का दर्द छलक उठा। जब पत्रकारों ने जबलपुर में उनसे पूछा कि अब तक उन्हें सरकार में कोई महत्वपूर्ण पद क्यों नहीं मिला। इस पर लक्ष्मण सिंह बोले कि मैं और कांतिलाल भूरिया शायद इस योग्य नहीं है कि उन्हें कोई अहम जिम्मेदारी सौंपी जाए।
पांच बार सांसद और चार बार विधायक रह चुके लक्ष्मण सिंह पहले भी कई बार अपनी ही सरकार के फैसलों और निर्णयों पर निशाना साध चुके हैं। दरअसल अपनी वरिष्ठता के बावजूद भी लक्ष्मण सिंह को न तो सरकार में कोई जगह मिली और न ही संगठन में। पीसीसी अध्यक्ष को लेकर पूछे गए सवाल पर लक्ष्मण सिंह ने कहा कि जो कार्यकर्ताओं को संगठित करने की क्षमता रखे उन्हें संगठन की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी को अपने संगठन को मजबूत करना चाहिए। क्योंकि संगठन ही चुनाव जिताता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए लक्ष्मण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद गौरवशाली होता है और उनकी नीतियों की अलोचना तो की जा सकती है। लेकिन उन पर व्यक्तिगत आरोप लगाना ठीक नहीं है।