शिवपुरी। कोतवाली टीआई बादाम सिंह यादव का जिस फुर्ती से भोपाल स्थानांतरण हुआ था। ठीक उसी फुर्ती से अचानक उनका स्थानांतरण निरस्त भी हो गया। सूत्रों के अनुसार भाजपा मेें सिंधिया समर्थकों ने टीआई यादव का स्थानांतरण निरस्त कराने में मुख्य भूमिका अदा की।
सूत्रों के अनुसार एक भाजपा नेता से विवाद के बाद टीआई बादाम सिंह यादव का स्थानांतरण अचानक शिवपुरी से पुलिस मुख्यालय भोपाल कर दिया गया था। श्री यादव के ट्रांसफर ऑर्डर से साफ जाहिर हो रहा था कि वह किसी भाजपा नेता की नाराजी की भेंट चढ़े हैं। जिस दिन उनका स्थानांतरण हुआ उसी दिन सोशल मीडिया पर वह फोटो भी आ गया। जिसमें टीआई यादव एक भाजपा नेता का मास्क न पहनने पर चालान काट रहे थे। हालांकि उक्त भाजपा नेता का कहना था कि चार पहियों के ठेलों से फल और सब्जी बेचने वालों का चालान करने पर उन्होंने विरोध किया था। इस कारण उन्हें भी निशाना बनाकर उनका चालान काट दिया गया। सोशल मीडिया पर उक्त फोटो प्रकाशित होने के बाद सिंधिया समर्थक टीआई का स्थानांतरण निरस्त कराने के लिए सक्रिय हो गए। जिसके चलते 24 घंटे के भीतर टीआई बादाम सिंह यादव का स्थानांतरण निरस्त हो गया।
यातायात प्रभारी रणवीर यादव निवाड़ी स्थानांतरित
आज जहां टीआई बादाम सिंह यादव का स्थानांतरण निरस्त हुआ वहीं चर्चित यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव का स्थानांतरण हो गया है। श्री यादव भी कई लोगों के निशाने पर थे और उनके स्थानांतरण को भी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। श्री यादव को निवाड़ी में आरआई प्रभारी के पद पर पदस्थ किया गया है।



