कहा- 75 से 80 प्रतिशत सदस्यों को जानकारी तक नहीं
करैरा। भाजपा द्वारा ग्वालियर में तीन दिवसीय सदस्यता ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें करैरा विधानसभा से करीब 2200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का दावा किया गया। करैरा विधानसभा से भाजपा के इस दावे को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ब्रिगेड मप्र के प्रदेश अध्यक्ष एवं करैरा विधानसभा से कांग्रेस के टिकिट के प्रबल दावेदार मानसिंह फौजी ने सिरे से नकारते हुए इसमें 75 से 80 प्रतिशत सदस्यों की सदस्यता को फर्जी बताया है। श्री फौजी की मानें तो भाजपा द्वारा जो सूची बनाई गई है उसमें 20 प्रतिशत लोग तो ऐसे हैं जो कभी कांग्रेस के सदस्य थे ही नहीं। इसके अलावा कांग्रेस के जो कार्यकर्ता और पदाधिकारी कांग्रेस के लिए वर्तमान में कार्य कर रहे हैं उनका नाम और मोबाइल नंबर भी लिस्ट में जोड़ दिया गया है और उन्हें सदस्यता लेना दर्शा दिया गया है। श्री फौजी ने कहा कि इस प्रकार के फर्जीवाड़े से लगता है कि भाजपा हताश और निराश है, भगवान गणेश जी इन्हें सद्बुद्धि दे। जिस गणेश चतुर्थी को भगवान गणेश जी के पांडाल लगने थे उस दिन इनके द्वारा अपने पांडाल लगाए गए और गणेश जी के पांडालों को प्रतिबंधित किया गया।
50 प्रतिशत भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी हमारे संपर्क में
मानसिंह फौजी ने तो यहां तक कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस की सरकार फिर से बनेगी और उपचुनाव के बाद सदस्यता दिलाना क्या होता है यह तो कांग्रेस पार्टी बताएगी। भाजपा के 50 प्रतिशत पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हमारे संपर्क में है। कांग्रेस उपचुनाव के बाद सच्ची सदस्यता का तमाचा मारेगी।


