शिवपुरी। हर घर तिरंगा अभियान को लेकर मंगलवार को शिवपुरी नगर में भाजयुमो जिला अध्यक्ष नवनीत सेन की अनुसंशा से भाजयुमो नगर अध्यक्ष अनुज शर्मा के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने तिरंगा यात्रा (बाइक रैली) का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यह रैली शिवपुरी नगर के वीर सावरकर पार्क से आरंभ होकर राजेश्वरी रोड, अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, न्यू ब्लॉक, हंस बिल्डिंग, जल मंदिर, कमलागंज, लक्ष्मी निवास, माधव चौक से होकर गुना वायपास से बदरवास के लिए प्रस्थान हुई। इसी बीच रैली में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं व नेताओं ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयघोष लगाए और आम लोगों को भी जागरूक किया कि देश की आन बान शान तिरंगे की अहमियत क्या है। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने कहा कि तिरंगा देश की आन बान और शान है। तिरंगे को फहराने से देशभक्ति का संचार होता है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा घोषित हर घर तिरंगा अभियान को पूरी तरह से सफल बनाया जाएगा और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के साथ ही तिरंगा झंडा समर्पित किया जाएगा।



