एसडीएम ने पुष्टि की कि कॉलोनाइजर के पास है सभी वैधानिक दस्तावेज और अनुमतियां
शिवपुरी। कोलारस में शांतिनगर में निर्माणाधीन कॉलोनी के अवैध होने की शिकायत झूठी निकली। प्रशासन ने जांच में पाया कि कॉलोनाइजर के पास डायवर्सन सहित टीएनसीपी तथा विकास आदि की अन्य अनुमतियां हैं। यह स्पष्ट होने के बाद प्रशासन ने जब्त की गई जेसीबी को छोड़ दिया है। कॉलोनाइजर महेन्द्र कुमार गोयल ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा कॉलोनी को लेकर गलत बातें फैलाई जा रही हैं जो मिथ्या साबित हुई हैं। एसडीएम मोतीलाल अहिरवार ने बताया है कि कॉलोनाइजर के पास सभी आवश्यक अनुमतियां हैं।
हुआ यह कि कोलारस में शांतिनगर में डम्फर फंसने से उसे सड़क पर खाली करना पड़ा। इसके बाद रास्ता बंद ना हो, इसके लिए कॉलोनाइजर द्वारा जेसीबी बुलाकर उसे हटाया जा रहा था। डम्फर शांतिनगर में बन रही कॉलोनी में साइट पर मुरम डालने का काम चल रहा था। डम्फर को निकालने के लिए चालक को उसे रास्ते में ही खाली करना पड़ा। इसके बाद कॉलोनाइजर ने जेसीबी बुलवाकर रास्ते से मुरम भरवाने का काम शुरू किया। उसी दौरान कुछ लोगों ने यह शिकायत कर दी कि यहां स्टेशन रोड को बंद किया जा रहा है और अवैध मुरम डाली जा रही है। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसने जेसीबी को जब्त कर लिया। मामला जानकारी में आने के बाद कॉलोनाइजर ने टीएनसीपी, डायवर्सन, कॉलोनी विकास अनुमति आदि सभी अनुमतियों सहित मुरम की रॉयल्टी प्रस्तुत कर दी। अधिकारियों ने खुद मौके पर जाकर निरीक्षण किया और पाया कि यहां पर सीसी रोड से लेकर सीवर व बिजली का काम भी चल रहा है। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी छोड़ दी और स्पष्ट किया कि वैधानिक तरीके से शांतिनगर में कॉलोनी काटी जा रही है।


