भण्डारण स्थल से एक लोडर ट्रेक्टर एवं रेत का परिवहन कर रहे 3 ट्रकों को थाने में रखवाया
वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए
शिवपुरी। खनिज विभाग की टीम ने कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी प्रमोद शर्मा के मार्गदर्शन में एक बार फिर मुरम के अवैध उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लुकवासा के ग्राम टुडय़ावद में मुरम काअवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी सहित दो ट्रेक्टर ट्राली जब्त की हैं। साथ ही वाहन चालकों एवं उनके मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं कोलारस वायपास से एम सैण्ड खनिज का भण्डारण स्थल से एक लोडर टे्रक्टर एवं सुरवाया में रेत का परिवहन कर रहे 3 ट्रकों को जब्त कर विवेचना कर ली गई है तथा अर्थदण्ड राशि अधिरोपित किए जाने हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जावेंगे।
खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने बताया कि सूचना मिली कि लुकवासा चौकी अंतर्गत ग्राम टुडय़ावद गांव में जेसीबी के माध्यम से मुरम का अवैध उत्खनन एवं ट्रेक्टर ट्राली के माध्यम से फोरलेन पर बन रही सड़क की साइड़ों को भरने के लिए मुरम का उपयोग किया जा रहा है जिस पर आज खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास ने अपनी टीम सिपाही रवि नायर, यदुराज गुर्जर, शिशुपाल सिंह वैस एवं वाहन चालक के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए कोलारस तहसील के टुडयावद गांव में से खनिज मुरम का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी वाहन जब्त किया गया है तथा 2 ट्रेक्टर ट्राली खनिज मुरम का परिवहन करते पकड़े गए। ट्रेक्टर चालकों द्वारा दल को आता देख खनिज खाली कर दिया जिस कारण उक्त ट्रेक्टर ट्राली को खाली ही एवं जेसीबी को मुरम उत्खनन में संलिप्त होने पर जब्त कर थाना लुकवासा की सुरक्षा में रखा गया है तथा वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध अवैध परिवहन एवं उत्खनन का प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इसी प्रकार कोलारस वायपास के पास स्थित अवैध भण्डारण से खनिज एम सेण्ड भण्डारण करने के फलस्वरूप भण्डारण स्थल से एक लोडर ट्रेक्टर जब्त कर थाना कोलारस की सुरक्षा में रखा गया है। वहीं सुरवाया थाने पर 3 ट्रक रेत का परिवहन करने के कारण जब्त किए गए हैं जिनकी विवेचना कर ली गई है तथा अर्थदण्ड राशि अधिरोपित किए जाने हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जावेंगे।


