करैरा पुलिस ने दो शराब तस्करों को किया गिरफ्तार, 35 पेटी शराब के साथ बोलेरो जब्त

MP DARPAN
0


शिवपुरी।
करैरा थाना पुलिस ने आज अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कारों से एक बोलेरो वाहन में भरी हुई 35 पेटी देसी प्लेन शराब जब्त की गई है। जब्त की गई शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 9 लाख 22 हजार 500 रुपए आंकी गई है।

करैरा टीआई विनोद सिंह छावई के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 33 सी 5947 में अवैध शराब भरकर करैरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस ने करैरा-भितरवार रोड स्थित खैराघाट प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। बोलेरो की तलाशी लेने पर वाहन की पिछली सीट और बीच की सीट पर कुल 35 गत्तों में देसी प्लेन शराब के 1750 क्वार्टर कुल मात्रा 315 लीटर मिले। वाहन चालक ने अपना नाम सूर्यप्रताप पुत्र ओमप्रकाश लोधी उम्र 23 वर्ष निवासी विजयपुर चौकी खोड़, थाना भोती, जिला शिवपुरी बताया। वहीं उसके साथ बीच की सीट पर बैठा व्यक्ति बोवी पुत्र भगवानदास लोधी उम्र19 वर्ष निवासी चतुर्भुज मंदिर के पास, मनपुरा, थाना भोती, जिला शिवपुरी पाया गया। जब दोनों से शराब के परिवहन संबंधी वैध लाइसेंस मांगा गया, तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना करैरा में अपराध क्रमांक 554/25 धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। पकड़े गए आरोपी सूर्यप्रताप पर पूर्व में भी भौंती और करैरा थाना में दो मामले दर्ज हैं। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी करैरा निरी.  विनोद छावई, सउनि संजय भगत, सउनि चरणसिंह, आर. हरेन्द्र सिंह, राधेश्याम जादौन, मत्स्येन्द्र गुर्जर, सुरेन्द्र रावत, नरेंन्द्र राजपूत, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, रामअवतार गुर्जर, शोनू श्रीवास्तव की मुख्य भूमिका रही।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top