शिवपुरी। जिले के सरकारी अस्पतालों में 16 सितम्बर को इलाज कराने वालों को दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने इस दिन एक दिवसीय सामूहिक हड़ताल का ऐलान किया है। जिले के विकासखंड स्तरीय सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहेंगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उप-स्वास्थ्य केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष शेर सिंह रावत और मीडिया प्रमुख अखिलेश शर्मा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि 4 जुलाई 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सरकार ने महापंचायत के दौरान संविदा कर्मचारियों के हित में घोषणाएँ की थीं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इन पर आदेश भी जारी किए, लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने उनमें कटौती कर दी। इसी के विरोध में 16 सितम्बर को एक दिवसीय हड़ताल होगी। मीडिया प्रभारी अखिलेश शर्मा ने बताया कि इस संबंध में सभी प्रशासनिक अधिकारियों, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को ज्ञापन देकर सूचित कर दिया गया है।
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
-विभाग में रिक्त पदों पर संविदा कर्मचारियों का संविलियन किया जाए।
-निष्काषित स्पोर्ट स्टाफ एवं अन्य केडर की एनएचएम में वापसी हो।
-एनपीएस एवं स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिले।
-ईएल और मेडिकल अवकाश की सुविधा दी जाए।
-वेतन विसंगति दूर की जाए।
-कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि को मानदेय में शामिल किया जाए।
-संविदा कर्मचारियों को डीए की पात्रता प्रदान की जाए।
-एक्सिस बैंक अनुबंध अनुसार मृत्यु पश्चात कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपए का लाभ मिले।
-नियमित एएनएम भर्ती में 18 माह का डिप्लोमा मान्य किया जाए।


