शिवपुरी। पिछोर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दोहरे हत्या कांड की फरार महिला आरोपिया रूबी लोधी पत्नी विजयभान लोधी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। उस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपए का ईनाम घोषित था।
गौरतलब है कि 27 जून 2025 को गुमइंसान क्र. 74/25 एवं 75/25 थाना पिछोर में दर्ज हुआ था। फरियादी शिवेदा लोधी ने सूचना दी थी कि उनके पति हरगोविंद लोधी और पुत्र पुष्पेंद्र लोधी खेत पर गए थे और संदेह जताया था कि गांव के ज्ञानसिंह लोधी, विजयभान लोधी आदि पुरानी रंजिश के चलते किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने दोनों की हत्या कर शवों को फील्ड फायर रेंज के कुएं में फेंक दिया था। पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पहले ही मुख्य आरोपी ज्ञानसिंह लोधी, चिन्टू उर्फ महेन्द्र लोधी, विजयभान लोधी, पुन्ना उर्फ पुष्पेंद्र लोधी, दिनेश लोधी और अनिल लोधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जबकि आरोपिया रूबी लोधी फरार चल रही थी। आज 16 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रूबी लोधी को बस स्टैंड पिछोर से दबोच लिया और न्यायालय के समक्ष पेश किया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी पिछोर उमेश उपाध्याय, उपनिरीक्षक बी.एल. दोहरे, उपनिरीक्षक संजय लोधी, सहायक उपनिरीक्षक जहान सिंह, सुबोध टोप्पो, परमार सिंह, अरविंद सगर, प्रआर रामहेत सिंह, आरक्षक धर्मेंद्र व कमल गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर कानून व्यवस्था के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है।


