गणेश महोत्सव का भव्य समापन आज, नगर में गूंजेगा गणपति बप्पा मोरया

MP DARPAN
0


शिवपुरी।
दस दिन से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगे गणेश महोत्सव का आज भव्य समापन होगा। नगर के प्रमुख मार्गों से निकलने वाली चल झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस उत्सव को अविस्मरणीय बनाएंगी।

हंस बिल्डिंग मंच पर गोल्डन डांस ग्रुप का धमाल

आगरा से आए गोल्डन डांस ग्रुप की शानदार प्रस्तुतियां शाम को हंस बिल्डिंग मंच पर होंगी। देशभक्ति और धार्मिक रंगों से सजी प्रस्तुतियां वंदना, शिव स्तुति और लोकनृत्य दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। नगर की प्रतिभाओं के लिए नृत्य प्रतियोगिता (एकल एवं समूह) भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कस्टम गेट मंच पर संगीतमयी शाम

कस्टम गेट पर श्रीजी इवेंट और मुकेश म्यूजिकल ग्रुप द्वारा आर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित होगा। साथ ही यहां भी नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी, जहां जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के कलाकार अपनी कला का जलवा दिखाएंगे।

ढोल-ताशों और नारों के बीच गणेश विसर्जन

चल झांकियों और अचल झांकी प्रतियोगिता के साथ नगर गूंजेगा गणपति बप्पा मोरया के नारों से। समिति ने विशेष अपील की है कि झांकियों में जीवित जानवर, पेड़ों की शाखाएं और अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग न किया जाए।

शहर बनेगा जगमग, दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं की संभावना

नगर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मुख्य मार्गों पर रोशनी की झालरें दिन जैसी रौनक बिखेरेंगी। अनुमान है कि दो लाख से अधिक श्रद्धालु चल झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाएंगे।

आधा सैकड़ा से अधिक नि:शुल्क खानपान स्टॉल

समारोह में श्रद्धालुओं की सेवा हेतु शहर भर में 50 से अधिक स्थानों पर नि:शुल्क खानपान स्टॉल लगाए जा रहे हैं। भंडारा, बेड़ई-सब्जी, पोहा, बूंदी, कचौड़ी, गुलाबजामुन, फल व शीतल जल जैसे व्यंजन श्रद्धालुओं की थाली में परोसे जाएंगे। गणेश सांस्कृतिक समारोह समिति के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस भव्य आयोजन में शामिल होकर भगवान गणेश को ससम्मान विदाई दें और उत्सव की महिमा में सहभागी बनें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top