शिवपुरी। होली पर्व से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। शिवपुरी जिले में कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के सख्त निर्देश पर फूड सेफ्टी अमले ने 25 से 28 फरवरी के बीच 12 खाद्य प्रतिष्ठानों पर एकसाथ छापामार कार्रवाई कर हड़कंप मचा दिया। कार्रवाई के दौरान दूध, मावा, पनीर, मिठाई, आटा, तेल और मसालों के संदिग्ध सैंपल लेकर उन्हें लैब जांच के लिए भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि त्योहारों में मिलावटखोरी की आशंका बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत यह विशेष अभियान चलाया गया। फूड सेफ्टी ऑफिसर विष्णु दत्त शर्मा एवं आशुतोष मिश्रा की टीम ने कोलारस, बदरवास, बैराड़, करेरा और पोहरी क्षेत्रों में दबिश देकर सैंपल एकत्रित किए। छापों के दौरान श्रीराम दूध डेयरी से खुले मावा-पनीर, बांके बिहारी दूध डेयरी से मिश्रित दूध, शिव मावा ब्रोकर से मावा बर्फी, चंबल ढाबा से खुला आटा, महावीर मेगा मार्ट से रिफाइंड सोयाबीन तेल व रेड चिली पाउडर, किराना स्टोर्स से मैदा-रवा-दालें तथा मिठाई दुकानों से मावा बर्फी के नमूने लिए गए। सभी सैंपल विस्तृत परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. ऋषिश्वर ने दो टूक कहा कि रिपोर्ट में मिलावट या अमानकता पाए जाने पर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


