शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत अमोला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अमोला पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 24 पेटी देशी प्लेन शराब से भरी एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। जब्त शराब व वाहन की कुल कीमत 6 लाख 97 हजार 500 रुपये आंकी गई है। आरोपी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब, गांजा व स्मैक के कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में 1 मार्च 2026 को थाना प्रभारी अमोला निरीक्षक अंशुल गुप्ता को सूचना मिली कि एक सफेद कार में अवैध शराब भरकर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना अमोला पुलिस ने थाने के सामने झांसी–शिवपुरी हाईवे पर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताए हुलिये की स्विफ्ट डिजायर क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यूबी 7254 पहुंची। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक अचानक गेट खोलकर भाग निकला। तलाशी में कार से 24 पेटी देशी प्लेन शराब, कुल 216 बल्क लीटर, कीमत 97,500 रुपये बरामद हुई। अवैध रूप से शराब परिवहन पाए जाने पर वाहन सहित संपूर्ण सामग्री जब्त कर अपराध क्रमांक 34/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। फरार आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता के साथ प्रधान आरक्षक बीरबल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक उपाध्याय, आरक्षक ब्रजराज सिंह, आरक्षक आर.एल. मदुरिया, चालक मोहित शर्मा, आरक्षक आकाश शाक्य एवं आरक्षक नीतेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।


