शिवपुरी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में रोटरी क्लब इंटरनेशनल एवं श्रीमंत माधव राव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय शिवपुरी में आयोजित जिला स्तरीय स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले ही दिन 1706 रोगियों ने पंजीयन कराकर विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाओं का लाभ लिया। शिविर का शुभारंभ देवेन्द्र जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर हरबीर सिंह रघुवंशी की उपस्थिति में दो जन्मजात मूकबधिर बच्चों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 13 लाख रूपए के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए, जिससे उनके उपचार का मार्ग प्रशस्त हुआ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि शिविर 26 से 28 फरवरी 2026 तक संचालित रहेगा। पहले दिन 61 रोगियों को परीक्षण उपरांत तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार प्रारंभ किया गया, जबकि 224 रोगियों को 17 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले वृहद स्वास्थ्य शिविर के लिए रैफर किया गया। शिविर में 135 पैथोलॉजी जांच, 55 सीटी स्कैन, 112 एक्स-रे, 5 यूएसजी, 52 ईसीजी, 52 आभा आईडी तथा 9 नि:शुल्क एमआरआई जांचें प्रखर डायग्नोसिस्ट पर कराई गईं। कोलारस, बदरवास एवं शिवपुरी विकासखंडों से पूर्व-चिन्हित रोगियों के साथ-साथ अन्य पात्र रोगियों का भी पंजीयन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी हरवीर सिंह रघुवंशी, लवलेश जैन (चीनू), रोटरी क्लब की ओर से दीपेश सांखला, दिलीप जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग से सीएस डॉ. वी.एल. यादव, डीआईओ डॉ. रोहित भदकारिया, आरएमओ डॉ. रामप्रताप सिंह, डीएचओ डॉ. प्रदीप शर्मा, डीपीएम डॉ. शीतल व्यास सहित संपूर्ण स्वास्थ्य अमला शिविर की व्यवस्थाओं में जुटा रहा।


