शिवपुरी। कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी के सख्त निर्देशों के बाद अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। खनिज अधिकारी रामसिंह उईके के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक सोनू श्रीवास की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर अवैध रेत भंडारण का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को खनि निरीक्षक सोनू श्रीवास ने खनिज दल के साथ तहसील शिवपुरी अंतर्गत अलग-अलग स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई भंडारणकर्ता भंडारण अनुज्ञप्ति और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे, जिस पर उनके विरुद्ध तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। फतेहपुर चौराहा के पास स्थित फड़ पर भंडारणकर्ता जितेन्द्र राजाबत द्वारा बिना वैध अनुज्ञप्ति रेत का भंडारण किया जा रहा था। मौके से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं गिर्राज पेट्रोल पंप के पास स्थित भंडारण स्थल पर संचालक सीताराम कुशवाह एवं उनके पार्टनर विजय सिंह राणा के पास न तो रॉयल्टी पारपत्र थे और न ही कोई वैध अनुमति, जिस पर रेत जप्त कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा नमोनगर तिराहे पर फड़ संचालक रवि धाकड़ के यहां भी अवैध रेत भंडारण पाए जाने पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गई। जप्त सभी वाहनों को थाना यातायात की सुरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी आरोपियों के विरुद्ध खनिज भंडारण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई कर अर्थदंड निर्धारण हेतु प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।


