शिवपुरी। भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित कायाकल्प अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोहरी में फाइनल असेसमेंट सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण एवं मरीजों को बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित करना है।
बीएमओ डॉ. दीक्षांत गुधेनिया ने सोमवार शाम जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आदेशानुसार गठित दो सदस्यीय स्वास्थ्य समिति द्वारा यह अंतिम मूल्यांकन किया गया। एसेसमेंट टीम में डॉ. जितेन्द्र यादव एवं श्रीमती अनीता पायल शामिल रहीं, जिन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया। फाइनल असेसमेंट के दौरान अस्पताल परिसर की स्वच्छता, वार्डों की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध सुविधाएँ, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, पेयजल, शौचालय व्यवस्था एवं संक्रमण नियंत्रण उपायों की बारीकी से समीक्षा की गई। एसेसमेंट टीम ने सीएचसी पोहरी की सफाई एवं रख-रखाव व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशंसा की। बीएमओ डॉ. गुधेनिया ने कहा कि कायाकल्प योजना से स्वास्थ्य संस्थानों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता है और मरीजों को सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण में उपचार मिलता है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों के समर्पण और टीमवर्क की सराहना की।


