एसडीएम ममता शाक्य का संदेश: प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं होली-ईद

MP DARPAN
0

पिछोर में शांति समिति की अहम बैठक संपन्न

पिछोर (नीरज गुप्ता)। पिछोर विकासखंड में आगामी होली एवं ईद त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय पिछोर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पिछोर एसडीएम ममता शाक्य एवं पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने की। बैठक में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, हिंदू एवं मुस्लिम समाज के धर्मगुरु, प्रशासनिक अधिकारी तथा पत्रकारगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम ममता शाक्य ने कहा कि होली रंगों का राष्ट्रीय पर्व है, जो आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक होली एवं ईद दोनों त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद से दूर रहें। एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने कानून-व्यवस्था से जुड़े दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि होलिका दहन परंपरागत एवं निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए। किसी भी विवादित स्थान पर होलिका दहन न किया जाए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आयोजन से यातायात या आमजन की आवाजाही बाधित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान डीजे एवं लाउडस्पीकर निर्धारित समय सीमा एवं तय डेसिबल स्तर के अनुसार ही संचालित हों, साथ ही आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर सख्त रोक रहेगी। राह चलते लोगों के साथ जबरन होली न खेलने तथा होलिका दहन के समय विद्युत तारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं ने ईद के अवसर पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव रखा। इस पर नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी आनंद शर्मा ने आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति एवं नगर की स्ट्रीट लाइट सुचारू रखने की जानकारी दी। पुलिस प्रशासन ने त्योहारों के दौरान नियमित गश्त एवं सतत निगरानी के माध्यम से शांति व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top