सर्वाइकल कैंसर से बचाव की ऐतिहासिक पहल: शिवपुरी में एचपीवी टीकाकरण का जिला स्तरीय शुभारंभ, 21 हजार किशोरियों को मिलेगा निःशुल्क टीका

MP DARPAN
0

शिवपुरी। महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ शुक्रवार को जिला चिकित्सालय शिवपुरी में भव्य रूप से किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे आमजन अभियान के महत्व से सीधे जुड़ सके। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता एवं हरिओम राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी तथा पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के करकमलों से संपन्न हुआ।

उल्लेखनीय है कि एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का राष्ट्रीय शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अजमेर से किया गया, जिसका लाइव प्रसारण जिला चिकित्सालय शिवपुरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान दिखाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव ने कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत देश की आधी आबादी महिलाओं के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने शिवपुरी जिले की महिलाओं की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा व एएनएम कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि HPV एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बनते हैं। यह संक्रमण प्रारंभिक अवस्था में लक्षण नहीं दिखाता, लेकिन समय रहते लगाया गया टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है। जिले में लगभग 21,000 ऐसी किशोरियां हैं, जिन्होंने 14वां जन्मदिन मना लिया है, लेकिन 15 वर्ष पूर्ण नहीं किए हैं। बाजार में जिसकी कीमत लगभग 4000 रुपये है, वही टीका शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में निःशुल्क लगाया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया अधिकारी अखिलेश शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

जिले में कहां होगा एचपीवी टीकाकरण

शासन के निर्देशानुसार शिवपुरी जिले में एचपीवी टीकाकरण मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदरवास, करैरा, खनियाधाना, कोलारस, नरवर, पिछोर, पोहरी, बैराड़ एवं सतनवाड़ा में किया जाएगा। शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन नियमित टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top