शिवपुरी। आगामी त्योहारों और स्कूली परीक्षाओं को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर थाना फिजीकल पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।
फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता सिंह भदौरिया ने दलबल के साथ 26 फरवरी को फिजीकल क्षेत्र के प्रमुख होटल–ढाबों होटल सोनचिरैया, होटल सुखसागर, टूरिस्ट विलेज, दालचीनी होटल, जायका होटल और जय माँ होटल की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। होटल संचालकों को आगंतुकों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही थाना क्षेत्र के मैरिज गार्डन बालाजी गार्डन, पारस गार्डन और संस्कार गार्डन के संचालकों तथा डीजे संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्कूली परीक्षाओं के दौरान डीजे निर्धारित डेसीबल में ही बजें और रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में कोलाहल अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान होली, गुड़ी पड़वा, चेती चांद, ईद-उल-फितर और नवरात्रि जैसे पर्वों से पहले असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने का स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


