शांति का ब्लूप्रिंट तैयार : होली, ईद और नवरात्रि को लेकर प्रशासन ने कसी कमर

MP DARPAN
0

कलेक्टर चौधरी ने ली सद्भावना-समन्वय समिति की अहम बैठक

शिवपुरी।
आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाने के उद्देश्य से सद्भावना एवं समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रवीन्द्र कुमार चौधरी ने की। बैठक में होलिका दहन, होली, गुड़ी पड़वा, चैत्र नवरात्रि, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती और हनुमान जयंती जैसे प्रमुख पर्वों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, समिति सदस्य, धर्मगुरु एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि होलिका दहन केवल पारंपरिक एवं चिन्हित स्थलों पर ही किया जाएगा। विद्युत तारों के नीचे दहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा और हरे-भरे वृक्षों की कटाई पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। गोबर के कंडे एवं गौ-काष्ठ के उपयोग को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन ने नगर में पेयजल आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई और चिकित्सा सेवाओं को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। सभी अस्पतालों में आकस्मिक चिकित्सा दल, विशेषकर नेत्र चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। नवीन डामर सड़कों की सुरक्षा हेतु मिट्टी या लाल मुरम डालने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर व डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 के उल्लंघन पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई होगी। ईद-उल-फितर की नमाज न्यू ब्लॉक मरकज छावनी, ईदगाह झांसी रोड और एबी रोड मस्जिद में अदा होगी। वहां यातायात, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था रहेगी। शब-ए-कद्र, महावीर जयंती और अन्य आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से प्रेम, भाईचारे और मर्यादा के साथ त्योहार मनाने, नशे में वाहन न चलाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री न फैलाने की अपील की। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top