युवा बेझिझक रखें अपनी बात : जिपं अध्यक्ष नेहा यादव

MP DARPAN
0

विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का शिवपुरी में गरिमामय समापन

शिवपुरी। शासकीय कन्या महाविद्यालय शिवपुरी में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का समापन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव रहीं। उन्होंने युवाओं से राजनीति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा अपनी बात बिना किसी झिझक के रखें, जरूरत पड़े तो मंच पर ब्रेक लेकर भी अपनी बात कहें।
कार्यक्रम आपातकाल के 50 वर्ष लोकतंत्र के लिए सबक विषय पर आयोजित हुआ, जिसका संयुक्त आयोजन माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. एस.एस. खंडेलवाल ने बताया कि जिलेभर के युवाओं ने ऑनलाइन पंजीयन कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से हुआ। स्वागत गीत व सरस्वती वंदना परिधि भार्गव ने प्रस्तुत की, तत्पश्चात वंदे मातरम् गायन हुआ। उद्घाटन सत्र में अतिथियों में विजय शर्मा, प्रहलाद भारती, देशराज नारोलिया, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. एन.के. जैन एवं माय भारत प्रतिनिधि राजेंद्र विजयवर्गीय उपस्थित रहे। पाँच सदस्यीय निर्णायक मंडल प्रो. पुनीत कुमार श्रीवास्तव, प्रो. दिग्विजय सिंह सिकरवार, वरिष्ठ पत्रकार संजीव बांझल, अशोक मोहिते और रवि गोयल ने प्रतिभागियों के वक्तव्यों का मूल्यांकन किया। 45 पंजीकृत विद्यार्थियों में से शीर्ष 10 का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। जोया जाफरी प्रथम, मंजरी शर्मा द्वितीय, सुतिक्षा शर्मा तृतीय रहीं; इसके बाद मान्या जैन, निशा गौर, वैष्णवी गर्ग, प्रिंस पाराशर, अंशुदीप शर्मा, अलास्का भार्गव और क्षितिज पाठक का चयन हुआ। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व किट प्रदान की गईं, अतिथियों और निर्णायकों का स्मृति चिह्न देकर सम्मान हुआ। संचालन डॉ. खंडेलवाल ने किया और आभार प्राचार्य डॉ. एन.के. जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय स्टाफ और एनएसएस स्वयंसेवकों सारांश बंसल, वंशिका अग्रवाल, आस्था बंसल, खुशी राठौर सहित का विशेष योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top