शिवपुरी। होली पर्व से पहले महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की सुंदर झलक देखने को मिली, जब मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने 27 और 28 फरवरी को दो दिवसीय होली मेला आयोजित किया। मेले का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी, जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अरविंद भार्गव, कामना सक्सेना, तृप्ति राय सहित अन्य अधिकारी, महिला समूहों की दीदियां और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मेले में महिला समूहों द्वारा अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया। दीदियों ने हर्बल गुलाल भेंट किया और फाग गायन प्रस्तुत कर होली के रंग बिखेरे। मेले में कुल 31 स्टॉल लगाए गए, जहां समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय व स्वदेशी उत्पादों का आकर्षक प्रदर्शन और विक्रय किया गया। आगंतुकों के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जो मेले का आकर्षण बना रहा। यह मेला जिला मुख्यालय स्थित न्यायालय परिसर के सामने, मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय प्रांगण में आयोजित किया गया। स्टॉलों पर प्राकृतिक रंगों से बना गुलाल, मिठाई, नमकीन, ठंडाई, वस्त्र, साडिय़ां, सत्तू, सरसों का तेल, मूंगफली दाना, मिट्टी के बर्तन, खाद्य सामग्री और जैकेट जैसे उत्पाद उपलब्ध रहे, जिन्हें लोगों ने उत्साहपूर्वक खरीदा। जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अरविंद भार्गव ने बताया कि मेले का उद्देश्य होली के अवसर पर स्थानीय महिला समूहों को बाजार उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों को पहचान दिलाना और स्व-रोजगार को बढ़ावा देना है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीद कर उन्हें प्रोत्साहित करें।


