दुष्कर्म कांड के बाद भड़की हिंसा, आरोपी को बचाने आई मां की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। रन्नौद कस्बे में आंगनबाड़ी सहायिका से दुष्कर्म की घटना के बाद हालात अचानक हिंसक हो गए। पीडि़ता के परिजनों द्वारा आरोपी के घर पहुंचकर की गई मारपीट के दौरान आरोपी की मां की हत्या हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज करते हुए पीडि़ता के भाई सहित तीन लोगों को आरोपी बनाया है, जबकि दुष्कर्म के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को रन्नौद निवासी आंगनबाड़ी सहायिका अस्पताल से लौट रही थी। इसी दौरान गांव का युवक इन्दर गुर्जर उसे घर छोडऩे के बहाने बाइक पर बैठाकर नदी किनारे सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। पीडि़ता ने मोबाइल फोन से अपने भाइयों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी के घर पहुंच गए। आरोप है कि वहां मौजूद इन्दर गुर्जर को बाहर निकालकर उसके साथ मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपी की मां शिवकुंवर उम्र 60 वर्ष अपने बेटे को बचाने के लिए बीच में आ गईं। गुस्से में पीडि़ता के भाई ने टपरे की थुनिया से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने पर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की बहू रेनू गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने पीडि़ता के भाई सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं दुष्कर्म के आरोपी इन्दर गुर्जर को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। रन्नौद थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि दुष्कर्म और हत्या दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top