शिवपुरी। दिनारा कस्बे में शनिवार सुबह एक तालाब से 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लोकेंद्र तोमर के रूप में हुई है, जो पिछले 10 मार्च से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दिनारा के मेला ग्राउंड के पास स्थित तालाब के सुरई घाट पर शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने पानी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। जांच में मृतक की पहचान लोकेंद्र तोमर उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम डामरोंन कला के रूप में हुई। उसके पिता राजेंद्र तोमर टीला पंचायत में सचिव के पद पर पदस्थ हैं। बताया जा रहा है कि लोकेंद्र कुछ समय से बीमार था। उसके दादा उसे इलाज के लिए करैरा लाए थे और 10 मार्च को उसे उसके पिता के घर छोड़ गए थे। उसी दिन दोपहर से वह अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसके गायब होने पर करैरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार सुबह दिनारा तालाब में शव मिलने के बाद मामला सामने आया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।


