स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं सफाई कर्मचारी : नप अध्यक्ष रश्मि-नेपाल वर्मा

MP DARPAN
0

पोहरी नगर परिषद में लगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सफाई कर्मियों सहित कर्मचारियों की बीपी-शुगर जांच, बीमार पाए जाने पर उपचार की व्यवस्था

शिवपुरी। नगर परिषद पोहरी में स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शनिवार को स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नगर परिषद के कर्मचारियों, विशेष रूप से सफाई कर्मियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने शिविर में कर्मचारियों की ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सफाई कर्मियों को संक्रमण से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।

नगर परिषद की सीएमओ राधा शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी हर मौसम में नगर को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात कार्य करते हैं। नालियों और गंदगी के बीच काम करने के कारण उन्हें संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर कर्मचारियों की जांच कराई जाती है, ताकि किसी भी बीमारी की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। वहीं नगर परिषद अध्यक्ष रश्मि नेपाल वर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका स्वास्थ्य नगर परिषद की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से कर्मचारियों की नियमित जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में चिकित्सक डॉ. थानेदार सिंह ने बताया कि स्वस्थ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों की बीपी, शुगर सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई। यदि किसी कर्मचारी में बीमारी के लक्षण पाए जाते हैं तो उन्हें शासन की योजनाओं के तहत दवाइयों और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में डॉ. थानेदार सिंह, लैब टेक्नीशियन मनोज कुशवाह, नर्सिंग ऑफिसर अरविंद वर्मा और एमपीडब्ल्यू मुकेश सेन की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष रश्मि नेपाल वर्मा, सीएमओ राधा शर्मा सहित नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top