मेगा स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों पर मंथन, प्रभारी मंत्री एवं संभागायुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

MP DARPAN
0

सीएम राइज स्कूल परिसर में होगा रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

शिवपुरी। जिले में 17 से 24 मार्च तक आयोजित होने वाले 8 दिवसीय रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और संभागायुक्त मनोज खत्री ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक ली। बैठक में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ शिविर की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कोलारस विधायक महेंद्र यादव, कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव मूले, सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर, सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री तोमर ने शिविर के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को उपचार व्यवस्था, नगरपालिका को स्वच्छता, तथा सामाजिक न्याय विभाग को दिव्यांगजनों के लिए ट्राइसाइकिल व अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिविर स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, पंजीयन काउंटर और मरीजों के मार्गदर्शन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संभागायुक्त खत्री ने निर्देश दिए कि शिविर में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता रहे और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पार्किंग, यातायात नियंत्रण, लाइटिंग, जनरेटर, पेयजल आपूर्ति, महिला शौचालयों की साफ-सफाई तथा हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राओं को वालेंटियर के रूप में तैनात किया जाए और ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को शिविर की जानकारी दी जाए। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री व संभागायुक्त ने मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित सीएम राइज स्कूल परिसर में प्रस्तावित शिविर स्थल का निरीक्षण कर ओपीडी, पंजीयन काउंटर, यातायात व्यवस्था और वेटिंग एरिया की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं, भोजन, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था समय से पहले सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को इस विशाल स्वास्थ्य शिविर का लाभ मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top