12 घंटे में राहत, एफआईआर भी तत्काल: कलेक्टर की सख्ती से आगजनी 6 पीड़ितों को कुल 3 लाख 51 हजार 500 रुपए की त्वरित मदद

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा तहसील अंतर्गत दिनारा क्षेत्र में हुई आगजनी की घटना के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने मिसाल पेश की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की सीधी मॉनिटरिंग में महज 12 घंटे के भीतर न सिर्फ एफआईआर दर्ज कराई गई, बल्कि प्रभावित 6 परिवारों को कुल 3 लाख 51 हजार 500 रुपए की आर्थिक सहायता भी प्रदान कर दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अर्पित वर्मा और पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मौके पर ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर की सक्रियता के चलते प्रशासनिक मशीनरी तुरंत हरकत में आई और राहत प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ाई गई। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व करैरा अनुराग निंगवाल के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया, वहीं तहसीलदार ललित शर्मा ने प्रभावित परिवारों से मिलकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही तुरंत सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई। आर्थिक सहायता के तहत अमर सिंह को 1 लाख 20 हजार रुपए, सुमित्रा को 80 हजार रुपए, बबीता को 60 हजार रुपए, इंदिरा को 80 हजार रुपए, अरुण को 6,500 रुपए और मनीराम को 5,000 रुपए की राहत राशि प्रदान की गई। इस त्वरित मदद से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ तुरंत राहत पहुंचाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ितों को हर संभव सहायता प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top