शिवपुरी। शहर में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार पर कोतवाली पुलिस ने लगातार तीसरे दिन सख्त कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कसा। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 7,300 रुपये नकद सहित सट्टा सामग्री जब्त की।
पहली कार्रवाई पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में की गई, जहां जुआ खेलते हुए अरविंद राठौर उम्र 34 वर्ष और नीरज राठौर उम्र 22 वर्ष को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उनके कब्जे से ताश की गड्डी और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद इसी क्षेत्र में सट्टा खिलाते हुए ऋषभ जादौन उम्र 19 वर्ष को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो सट्टा पर्चियां और 1,200 रुपये नकद मिले। पुलिस का अभियान यहीं नहीं रुका। पुराना टोलटैक्स, विवेकानंद कॉलोनी क्षेत्र में दबिश देकर राहुल धाकड़ उम्र 22 वर्ष को पकड़ा गया, जो सट्टा खिलवा रहा था। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक पेन और 4,600 रुपये नकद जब्त किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम एवं सट्टा अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। इन कार्रवाइयों में कोतवाली पुलिस की टीम ने मुस्तैदी और सूझबूझ का परिचय दिया। विशेष रूप से प्रधान आरक्षक गजेंद्र परिहार, जितेंद्र रायपुरिया, विनय कुमार, अवतार सिंह, देवेंद्र रावत, राहुल कुमार तथा महेंद्र तोमर की भूमिका सराहनीय रही।


