नलजल बंद हुई तो जिम्मेदार तय
शिवपुरी। ग्वालियर संभागायुक्त मनोज खत्री ने साफ संदेश दिया है कि विकास योजनाएं सिर्फ फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर नजर आएं। कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस बिंदुओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने अफसरों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाते हुए कई अहम निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर अर्पित वर्मा और जिला पंचायत सीईओ विजय राज सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
संभागायुक्त श्री खत्री ने दो टूक कहा कि बिजली बिल के कारण कोई भी नलजल योजना बंद नहीं रहनी चाहिए इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। एलपीजी वितरण की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिए कि जितनी बुकिंग हो, उतना ही सिलेंडर वितरण सुनिश्चित किया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग हो। कृषि मोर्चे पर नरवाई रोकने, खाद-बीज की उपलब्धता और सही दाम पर बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नैनो यूरिया और किसान हित योजनाओं को गति देने पर जोर रहा। ग्रामीण पेयजल व्यवस्था पर फोकस करते हुए जिला पंचायत में कंट्रोल रूम बनाने, हैंडपंप सुधार कार्य तेज करने और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। पंचायतों को नए राजस्व स्रोत विकसित करने और अमृत सरोवर योजना के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया गया। पीएम आवास योजना में नरवर की कमजोर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए लंबित मामलों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए। वहीं स्कूलों में मुफ्त पाठ्यपुस्तक वितरण की खराब स्थिति और बालिकाओं के शौचालय निर्माण पर भी कड़ी समीक्षा करते हुए 15 दिन में रिपोर्ट तलब की गई।


