शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के 25-26 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के साथ कोलारस, बदरवास और रन्नौद का मैराथन दौरा कर तैयारियों की हकीकत परखी।
कोलारस में बस स्टैंड मार्केट पर बन रहे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने मंच और टेंट की मजबूती, कूलर-पंखे, विद्युत व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पर खास जोर दिया। साथ ही मंच पर अतिथियों के लिए नाम-पट्टिकाएं अनिवार्य करने के निर्देश दिए। बदरवास में सीएम राइज स्कूल में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। यहां भी कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि गर्मी को देखते हुए कूलिंग व्यवस्था, टेंट, बिजली और बैठक व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। ग्राम पंचायत लुकवासा में विधायक महेंद्र सिंह सिकरवार की मौजूदगी में निरीक्षण करते हुए जनसुनवाई के लिए पर्याप्त ऑपरेटर और मजबूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित अदाणी विकास केन्द्र के दौरे में कलेक्टर ने महिला प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति और मशीनों की कार्यशील स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं रन्नौद में प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर कलेक्टर ने बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और बैकअप के रूप में जनरेटर की अनिवार्य व्यवस्था करने के निर्देश दिए।


