शिवपुरी। भौंती पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक से शराब की खेप ले जा रहे दो तस्करों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 लीटर देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन एवं एसडीओपी पिछोर प्रशान्त शर्मा के मार्गदर्शन में थाना भौंती पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत 21 मई की रात थाना भौंती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही भयावन रोड स्थित बाली पहाड़िया के सामने वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान एचएफ डिलक्स बाइक क्रमांक एमपी 33 एमएस 3086 पर दो युवक बीच में सफेद रंग की झाल रखकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों को रोका और तलाशी ली। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजकपूर पुत्र जगदीश पटेल उम्र 22 वर्ष एवं दीपक पुत्र ओमकार पटेल उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम नंदना थाना भौंती जिला शिवपुरी बताए। बाइक पर रखी झाल की जांच करने पर उसमें 8 पेटी देशी प्लेन मदिरा कुल 400 क्वार्टर यानी 72 लीटर शराब बरामद हुई। शराब की कीमत करीब 24 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले एक माह से भौंती निवासी ऋषभ गुप्ता उर्फ राजा से अवैध शराब खरीद रहे थे और इस बार भी उसी से शराब लेकर जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, सउनि संजय भगत, प्रधान आरक्षक मृत्युंजय सिंह, प्रधान आरक्षक प्रहलाद यादव, आरक्षक दुर्गा विजय रावत, राजेश आदिवासी एवं पिकेश राहुल की सराहनीय भूमिका रही।


