शिवपुरी। शहर के गौशाला क्षेत्र में घर से लाखों के चांदी के जेवर चोरी करने वाले शातिर युवक को देहात थाना पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए कीमत के चोरी गए जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
गौशाला निवासी लवकुश जाटव पुत्र स्व. रामहेत जाटव ने 18 मई को थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके घर की अलमारी का ताला टूटा मिला और उसमें रखी दो जोड़ी चांदी की करधौनी, दो चांदी की पायले और बच्ची की एक जोड़ी चांदी की पायल चोरी हो गई। मामले में थाना देहात पुलिस ने अपराध क्रमांक 174/26 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिलेभर में संपत्ति संबंधी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव ने टीम गठित कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर गिर्राज उर्फ छोटू लोधी पुत्र देवेन्द्र उर्फ पप्पू लोधी उम्र 19 वर्ष निवासी गौशाला शिवपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरू में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा मसरूका बरामद कर लिया गया। पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विकास यादव, प्रधान आरक्षक अजय शर्मा, सुनील जाट, देवेन्द्र सेन, आरक्षक अरुण मेवाफरोस, शकील खान, सचेन्द्र शर्मा, बदन सिंह धाकड़, नाहर सिंह एवं प्रमोद कुशवाह की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


