बैराड़ पुलिस ने 60 लीटर कच्ची शराब और बाइक समेत तस्कर दबोचा

MP DARPAN
0

शिवपुरी। बैराड थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब और एक टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में बैराड थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।

बैराड़ टीआई सुरेश शर्मा के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरी की पुलिया के पास एक युवक मोटरसाइकिल पर कच्ची शराब लेकर सप्लाई की तैयारी में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र बंजारा निवासी ठेवला थाना गोवर्धन बताया। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक कैनों में 30-30 लीटर कुल 60 लीटर कच्ची शराब और करीब 72 हजार रुपए कीमत की टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम बर्वे, लालसिंह भील, रविन्द्र धाकड़, संदीप राठौर और आरक्षक चालक मनीष परिहार की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top