शिवपुरी। करैरा पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईवे पर स्मैक की डील करने पहुंचे दो तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 43.06 ग्राम स्मैक, एक टीवीएस अपाचे बाइक सहित करीब 9 लाख 80 हजार रुपए का मसरूका जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छावई और उनकी टीम लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक टीवीएस अपाचे बाइक क्रमांक एमपी 08 एमव्ही 8558 से स्मैक बेचने के लिए नायरा पेट्रोल पंप के पास एनएच-27 पर आने वाले हैं। सूचना मिलते ही करैरा पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस वाहन देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम अजय मीना पुत्र शेरसिंह मीना उम्र 22 वर्ष निवासी मूढ़रा हनुमान थाना धरनावदा जिला गुना तथा पीछे बैठे युवक ने अपना नाम रामहेत मीना पुत्र रामसिंह मीना उम्र 31 वर्ष निवासी अनंतपुर मोहिया थाना राधौगढ़ जिला गुना बताया। तलाशी में उनके पास से 43.06 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 8 लाख 60 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपियों के पास से बाइक भी जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 333/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब स्मैक के सप्लायर और नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विनोद छावई, उनि राजकुमार सिंह चाहर, सउनि चरन सिंह, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक सुरेन्द्र सिंह रावत, राधेश्याम जादौन, हरेन्द्र सिंह, मत्स्येन्द्र गुर्जर एवं चालक रामअवतार गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।


