शिवपुरी। वरिष्ठ पत्रकार जयकिशन शर्मा की 16वीं पुण्यतिथि पर 26 मई मंगलवार को पत्रकारिता सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शहर के शगुन वाटिका होटल, नवग्रह मंदिर के पास शाम 5 बजे से आयोजित होगा, जिसमें पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
स्व. जयकिशन शर्मा प्रदेश की पत्रकारिता में अपनी निर्भीक लेखनी, जुझारूपन और निष्पक्ष कार्यशैली के लिए विशेष पहचान रखते थे। 26 मई 2010 को लंबी बीमारी के बाद उनका अल्पायु में निधन हो गया था। उनकी स्मृति और पत्रकारिता के मूल्यों को जीवित रखने के उद्देश्य से यह आयोजन हर वर्ष किया जाता है। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजन में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और सामाजिक सरोकारों पर विचार गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। स्व. शर्मा के पुत्र लालू शर्मा ने बताया कि समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन समिति का उद्देश्य नई पीढ़ी के पत्रकारों को निष्पक्ष और जनहित पत्रकारिता के प्रति प्रेरित करना है। कार्यक्रम को लेकर पत्रकार जगत और सामाजिक क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।


